फिरोजाबाद। थाना मटसेना के सरगवां में बाल कटवाने के बाद झाड़ू नहीं लगाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गए। मारपीट में दोनों पक्षों के चार लोग घायल हो गए। मारपीट की एक अन्य घटना में चार महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए।
सरगवां निवासी शिवशंकर के परिवार के किसी सदस्य ने बाल कटवाए थे, झाड़ू लगाने के दौरान कुछ बाल उड़कर पड़ोसी सत्यभान के घर की ओर चले गए। ठीक से सफाई न करने पर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गाली-गलौज और मारपीट होने लगी। इसमें शिवशंकर (45) पुत्र चंद्रपाल सिंह, उसका बेटा संदीप (24) और दूसरे पक्ष से सत्यभान (60) पुत्र धनवंत सिंह व मनीष कुमार (19) पुत्र सत्यभान घायल हो गए। पुलिस ने चारों को जिला अस्पताल भेजा है। थानाध्यक्ष मटसेना अखिलेश दीक्षित ने कहा कि बाल कटवाने के बाद झाड़ू नहीं लगाने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों के घायलों का मेडिकल कराने के साथ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
थाना उत्तर के मोहल्ला जैननगर खेड़ा में बंटवारे को लेकर हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। इनमें नरेंद्र विक्रम सिंह (39) पुत्र रघुवीर सिंह, चंद्र विक्रम सिंह (41) पुत्र रघुवीर सिंह और प्रीती (32) पत्नी नरेंद्र विक्रम सिंह शामिल है। पुलिस का कहना है कि जैननगर में दोनों पक्षों में बंटवारे को लेकर मारपीट हो गई थी। थाना फरिहा के गांव इटौली निवासी वीनेश (17) पुत्री पंचम मसिंह व रश्मि (18) पत्नी जनक सिंह घायल हो गए। थाना लाइनपार के रामनगर निवासी रश्मि पुत्री अजय सिंह भी मारपीट में घायल हो गए।