जसराना॥ (फिरोजाबाद)गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक व उसके परिजनों को लाठी-डंडे और सरियों से पीटा गया। इससेे चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने नौ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। अमित गुप्ता बुधवार शाम अपने भाई सुमित निवासी मोहल्ला बेलमपुरी लोधपुरा वाली गली के बाहर खड़ा था। आरोप है कि तभी अमन गुप्ता, राजेश गुप्ता, कुनाल, रितिक, अरुण उर्फ टीटू, शरद गुप्ता, संजीव गुप्ता उर्फ रिंकू निवासीगण मोहल्ला लोधपुरा थाना जसराना, अभिराज निवासी बहत व शनि निवासी झपारा आ गए और गाली-गलौज करने लगे।
अमित ने इसका विरोध किया तो उन पर लाठी-डंडे और सरियों से हमला कर दिया। बचाने आए भाई ललित व बंगालीबाबू गुप्ता की भी पिटाई लगा दी। चारों घायलों को सरकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। एसपी देहात राजेश कुमार ने बताया कि नौ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपी शीघ्र ही जेल भेजे जाएंगे। पीड़ित अमित मीडियाकर्मी बताया जा रहा है। अमित ने बताया कि आरोपियों ने कोरोना काल में भी गणेश प्रतिमा की स्थापना की थी। पुलिस द्वारा कार्रवाई करने पर वे मुझ पर शिकायत करने का आरोप लगा रहे थे और रंजिश मान रहे थे। घटना के विरोध में भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष विजेंद्र सिंह टाइगर एसडीएम को ज्ञापन दिया। संवाद