सुमित शर्मा उर्फ मोनू पंडित (पुलिस कर्मी बनकर करता था लूटपाट
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/मक्खनपुर। थाना मक्खनपुर पुलिस ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम देने वाले युवक को पायनियर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस बरामद किए हैं। उसने पुलिसकर्मी बनकर ट्रक चालक से 30 हजार रुपये लूटे थे। आगरा से गाड़ी को लोड करने आए चालक से 17 जुलाई को इसने खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक की चेकिंग की थी। इस दौरान 30 हजार की नकदी, ड्राइविंग लाइसेंस और गाड़ी के कागजात ले गया था। चालक से थाने पहुंचने की बात कही थी। चालक थाने पहुंचा था तो कोई पुलिसकर्मी वहां का नहीं था।
एसएचओ विनय कुमार मिश्र ने शनिवार को पायनियर तिराहे से संदिग्ध युवक को रोका तो भागने का प्रयास करने लगा। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे गिरफ्तार कर लिया। उससे तमंचा, ट्रक चालक से लूटे 30 हजार में से 2100 की नकदी, चालक का आधार कार्ड, मोबाइल, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य कागजात बरामद किए। उसने अपना नाम सुमित शर्मा उर्फ मोनू पंडित (30) पुत्र श्रीनिवास शर्मा फतेहपुर कर्खा थाना नसीरपुर व हाल निवासी आवास विकास कॉलोनी शिकोहाबाद बताया है। थाना प्रभारी निरीक्षक मक्खनपुर विनय कुमार मिश्र के अनुसार वह आगरा के एत्मादपुर थाने का लूट सहित कई मामलों में हिस्ट्रीशीटर है।