फिरोजाबाद/खैरगढ़। थाना खैरगढ़ क्षेत्र में नगला नत्थे के पास ऑटो सवार शिक्षिका से मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाशों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। पिटाई के बाद बदमाशों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले कर दिया। थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया। थाना उत्तर के मोहल्ला हनुमानगढ़ निवासी हेमलता यादव पत्नी राजीव सिंह यादव प्राइमरी स्कूल खैरगढ़ में शिक्षिका है। सोमवार को वह ऑटो में सवार होकर स्कूल जा रही थी। नगला नत्थे के पास पहुंचने पर पल्सर बाइक सवार दो बदमाशों ने ऑटो में सवार शिक्षिका से मोबाइल लूट लिया और भागने लगे। इस पर शिक्षिका ने शोर मचा दिया।
शोरगुल सुनकर खेतों पर काम कर रहे ग्रामीणों ने घेराबंदी कर ली। खुद को घिरा देखकर दोनों युवक बाइक को रोड किनारे छोड़कर खेतों की ओर भागने लगे। इस पर ग्रामीणों ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया और जमकर पीटा। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों बदमाशों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम लवकुश निवासी जाजूमई थाना जसराना और संदीप निवासी नगला जुला जाजूमई बताया। मामले में शिक्षिका की तहरीर पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मोबाइल लूट का मामला दर्ज कर लिया है।