फिरोजाबाद। कानपुर के विकास दुबे मुठभेड़ प्रकरण के बाद जिले की पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कस दिया है। जिले की पुलिस इनामियां के साथ हिस्ट्रीशीटरों पर शिकंजा कस रही है। कइयों की हिस्ट्रीशीट खोलने की तैयारी कर ली है। ताकि बढ़ते अपराधों को रोका जा सके। कानपुर प्रकरण के बाद जिले की पुलिस एक्शन मोड में है। पुलिस जिले में सक्रिय अपराधियों को लगातार जेल भेज रही। थाना रसूलपुर पुलिस ने शातिर प्रशांत उर्फ जैकी निवासी करबला थाना दक्षिण एवं हाल निवासी मोतीनगर आसफाबाद को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। एसएचओ रसूलपुर की मानें तो प्रशांत उर्फ जैकी के खिलाफ 15 मुकदमें दर्ज हैं।
वहीं थाना रसूलपुर पुलिस ने शातिर बदमाश दुर्गेश जाटव के भाई शेरा को भी जेल भेज दिया। वह विगत दिनों रसूलपुर क्षेत्र में हुई युवक की हत्या में नामजद था। इसके साथ ही शेरा के खिलाफ अलग-अलग थाना क्षेत्रों में करीब 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं थाना रसूलपुर पुलिस ने आसफाबाद के मोतीनगर निवासी गोलू उर्फ विकास को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। उसके खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज है। वहीं पुलिस ने कई मामलों के आरोपी विशंभर दयाल पुत्र दाताराम निवासी खंजापुर को भी जेल दिया है। थाना प्रभारी रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा कि कुछ अपराधियों को चिह्नित कर उनकी हिस्ट्रीशीट खोली जाएगी। वारंट जारी किए जा रहे हैं।