जसराना। परिजनों की डांट से क्षुब्ध होकर नहर में छलांग लगाने वाली किशोरी का शव शनिवार को जाजूमई नहर पुल के पास मिला। परिजनों ने शव को निकालकर पुलिस को सूचित किए बिना अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना फरिहा के नगला भूड़ निवासी प्रवेश यादव की पुत्री कल्पना का बृहस्पतिवार को अपनी छोटी बहन के साथ विवाद हो गया था। इस पर परिजनों ने कल्पना की डांट लगा दी। परिजनों की डांट से क्षुब्ध कल्पना घर से निकल गई। जानकारी पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका। शुक्रवार को मुस्तफाबाद नहर पटरी पर किशोरी के कपडे़ मिलने पर परिजनों ने नहर में उसकी तलाश शुरू कर दी। शनिवार सुबह किशोरी का शव जाजूमई नहर पुल के पास उतराता मिला।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव को नहर से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सूचन पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कोतवाल अनूप कुमार भारतीय ने बताया किशोरी का शव नहर में उतराता मिल। परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार कर दिया है।