फिरोजाबाद। थाना रामगढ़ के बड़ा मिर्जा का नगला में दूरसंचार विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी की बेटी ने सोमवार रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मंगलवार सुबह कमरा नहीं खुलने पर परिजनों ने झांककर देखा तो युवती का शव फंदे पर लटका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि अब तक आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
थाना रामगढ़ के बड़ा मिर्जा का नगला निवासी मुंशीलाल दूरसंचार विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। उनकी 24 वर्षीय बेटी विनीता देवी प्रतिदिन की भांति सोमवार शाम खाना खाने के बाद अपने कमरे में सो गई। मंगलवार सुबह काफी देर तक उसके नहीं जागने पर परिजनों को काफी चिंता हुई। परिजनों ने उसके कमरे में जाकर देखा तो युवती का शव फंदे पर झूल रहा था। युवती के शव को फंदे पर झूलता देखकर परिजनों में चीत्कार मच गया। चीखपुकार की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। एसएचओ श्याम सिंह ने कहा कि युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मामले की जांच करके कार्रवाई की जाएगी।