जसराना(फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव झपारा में संदिग्ध हालात में फंदा लगने से एक महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद ससुरालीजन फरार हो गए। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंचे मायके पक्ष के लोगों ने पति पर महिला को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना शिकोहाबाद के गांव फजलनगर निवासी छोटेलाल ने अपनी पुत्री सरिता (28) की शादी थाना जसराना के गांव झपारा निवासी बंटू के साथ की थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति सरिता के साथ मारपीट करता था। मंगलवार सुबह भी पति एवं पत्नी के बीच में खेतों में विवाद हो गया। विवाद के बाद बंटू ने सरिता की पिटाई लगा दी। इसके बाद सरिता फंदे पर लटकी मिली। महिला की मौत के बाद ससुराली फरार हो गए। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी गांव में आ गए।
मायके पक्ष के लोगों ने पति पर महिला को पीट-पीटकर मार डालने का आरोप लगाया। सूचना पर कोतवाल अनूप कुमार भारतीय मय पुलिस फोर्स के मौके पर पहुंच गए। महिला के बहनोई नगला ख्याली निवासी रुकमपाल की तहरीर पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अनूप कुमार भारतीय ने बताया कि महिला की फांसी पर लटकने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और इसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।