फिरोजाबाद/शिकोहाबाद। थाना शिकोहाबाद क्षेत्र में बुआ के घर आए युवक की बृहस्पतिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई। वह मैनपुरी का रहने वाला था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला मैनपुरी थाना करहल क्षेत्र के गांव नगला रघु निवासी धीरेंद्र (30) पुत्र मोहकम सिंह अपनी बुआ के घर नगला हैंडल शिकोहाबाद आया था। लॉकडाउन के कारण वह अपने घर नहीं जा सका। बुधवार रात को उसकी तबियत अचानक खराब हो गई।
आनन-फानन में परिजन उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताते हैं कि युवक शराब पीने का आदी था। थाना प्रभारी निरीक्षक शिकोहाबाद ने बताया कि युवक की मौत हुई है लेकिन अभी तक कोई तहरीर नहीं आयी है।