नारखी के गांव डेरा बंजारा में दो पक्षों में हुए बवाल के बाद पहुंची पुलिस फोर्स।
- फोटो : FIROZABAD
नारखी (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव सिंहपुर डेरा बंजारा में दो पक्षों में मारपीट एवं पथराव हो गया। मारपीट और पथराव में चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
थाना नारखी के गांव सिंहपुर डेरा बंजारा निवासी बोरा पुत्र हिम्मत खान विगत दिवस गांव से राशन सामग्री लेने के लिए रैमजा गांव गया था। बोरा खान की मानें तो उसे ग्रामीणों ने गांव में घुसने से रोक दिया। इस पर उसका ग्रामीणों से विवाद हो गया। इस पर वह गांव चला आया। आरोप है कि प्रधान पति सुनील कुमार रैमजा गांव के कुछ लोगों के साथ सिंहपुर डेरा बंजारा पहुंच गया और बोरा के साथ विवाद करने लगा।
कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई लेकिन लोगों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत करा दिया। सोमवार सुबह रैमजा निवासी 20-25 लोग एकत्रित होकर डेरा बंजारा पहुंच गए और हिम्मत खान एवं उनके परिजनों की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट और पथराव शुरू हो गया। मारपीट-पथराव में इरफान (20) पुत्र गुलाब, करीम(25) पुत्र भिखारी, सोना (35) पत्नी रहीस, अलीशेर (40) पुत्र नत्थू घायल हो गए। घायलों को स्थानीय पुलिस द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर सीओ टूंडला अजय सिंह चौहान,एसओ पचोखरा संजय सिंह, कार्यवाहक एसएचओ नारखी विनोद कुमार के साथ काफी लोग पहुंच गए थे। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि सिंहपुर डेरा बंजारा में रैमजा के प्रधान सुनील व साथियों पर मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। मामले की जांच की जा रही है।