गांव तोतलपुर में मारपीट की घटना के बाद जिला अस्पताल में मेडीकल कराने पहुंची महिलाएं
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। थाना बसई मोहम्मदपुर के तोतलपुर में दीवार बनाने को लेकर सोमवार को सुबह दो पक्षों में विवाद हो गया। विवाद के दौरान मारपीट, पथराव के साथ फायरिंग की गई। सीओ सदर सहित फोर्स गांव में पहुंच गई। पुलिस ने जिला अस्पताल में घायलों का मेडिकल कराया है।
थाना बसई मोहम्मदुपर के बिहारीपुर मोहम्मदपुर तोतलपुर के निवासी लाखन सिंह, श्रीभगवान के मध्य प्लॉट को लेकर पिछले काफी दिनों से विवाद चला आ रहा है। रविवार को दीवार बनाने का काम शुरू कर दिया गया था। श्रीभगवान पक्ष द्वारा विरोध करने पर विवाद की स्थिति बन गई। बताते हैं कि कुछ लोगों ने दीवार को गिराना शुरू कर दिया। जिससे मारपीट, पथराव होने के साथ फायरिंग की गई। इस दौरान छह लोग घायल हो गए।
ग्रामीणों ने समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर हीरालाल कनौजिया, थाना प्रभारी बसई मोहम्मदपुर सर्वेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। विवाद में तारावती पत्नी सत्यवीर, सत्यवीर पुत्र सुंदर सिंह, महेश पुत्र भगवान सिंह, बबलू पुत्र अशोक, बदन सिंह पुत्र बृजेश, सावित्री पत्नी महेश गंभीर रूप से घायल हो गए। एसओ बसई मोहम्मदपुर सर्वेश कुमार ने बताया कि दीवार बनाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। इसमें दोनों पक्षों के लोग घायल हुए है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।