एसएसपी कार्यालय फरियाद लेकर पहुचें गणेशपुर थाना गंजडुडबारा जिला कासंगज का पीड़ित परिवार
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद/सिरसागंज। थाना सिरसागंज क्षेत्र के राहतपुर में एक महिला की हत्या कर शव जला दिया गया। सूचना पर कासगंज के गंजडुंडवारा के गणेशपुर से बुधवार को मायका पक्ष के लोग पहुंच गए। शिकायत लेकर अरांव चौकी पर उनकी बात नहीं सुनी गई। आरोप है कि चौकी पर काफी देर तक बैठाए रखा और मारपीट की गई। थाने पहुंचे तो यहां भी सुनवाई नहीं की गई। इस पर मायका पक्ष के लोगों ने एसएसपी से मुलाकात की। एसएसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ।
जनपद कासगंज के गंजडुंडवारा के गणेशपुर निवासी संजीव कुमार पुत्र रमेश चंद्र गुरुवार को एसएसपी सचिंद्र पटेल से मुलाकात की। संजीव कुमार ने एसएसपी को बताया कि उनकी बहन रामा देवी उर्फ भूरी की शादी चार वर्ष पूर्व थाना सिरसागंज के गांव राहतपुर निवासी रामब्रिज उर्फ पिंकी पुत्र आशाराम के साथ हुई थी। शादी में चार लाख की नकदी और घरेलू सामान दिया था। उनकी बहन दिव्यांग थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर रामब्रिज बहन से मारपीट करता था। इस दौरान बहन के एक बेटा हुआ था, जिसकी उम्र करीब दो वर्ष है।
पीड़ित ने कहा उसकी बहन के जेठ ने 16 अक्तूबर को दोपहर एक बजे फोन से बताया कि भूरी की मौत हो गई है और अंतिम संस्कार कर दिया है। पीड़ित का आरोप है अरांव चौकी पर जब दस से 15 लोगों के साथ पहुंचे तो पुलिस ने काफी देर बैठाए रखा। गाली- गलौज के साथ मारपीट की। थाना सिरसागंज पहुंचे तो उन्होंने मनमाने ढंग से तहरीर लिखवाकर हस्ताक्षर करा लिए। पीड़ित की बात सुनकर एसएसपी ने थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अरांव चौकी प्रभारी अशेष कुमार सिंह का कहना है कि आरोप पूरी तरह से गलत है।