फिरोजाबाद। कोरोना की तीसरी लहर में मंगलवार देर शाम 68 वर्षीय कोरोना संक्रमित ने आगरा में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उनका एसएन मेडिकल कॉलेज में हृदय रोग का इलाज चल रहा था। तीसरी लहर में जिले में यह पहली मौत है। इससे जिले में कोरोना की तीनों लहर में मरने वालों की संख्या 136 पर पहुंच गई है। वहीं बुधवार को एसीएमओ सहित 73 नए संक्रमित मिले जबकि होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे 102 लोगों को स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना मुक्त घोषित किया है।
मूल रुप से मैनपुरी जिले के बरहनाहल निवासी वृद्घ सिरसागंज के मोहल्ला डल नगर में परिवार के साथ निवास कर रहे थे। उन्हें कई दिनों से बुखार आ रहा था। 16 जनवरी को वृद्घ को हदय में दर्द हुआ तो परिजन उन्हें इलाज के लिए आगरा स्थित एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए। यहां उनकी कोरोना की जांच कराई गई। 17 जनवरी आयी रिपोर्ट में वे पॉजिटिव पाए गए और 18 जनवरी को देर शाम उसकी मौत हो गई।
इधर, सीएमओ कार्यालय में एक एसीएमओ कोरोना संक्रमित पाए गए जबकि जाटऊ सीएचसी पर टीकाकरण में ड्यूटी कर रहीं काउंलर व उसकी सात वर्षीय पुत्री और पति संक्रमित पाए गए हैं। इसी सीएचसी पर एक अन्य स्वास्थ्यकर्मी की रिपोर्ट में पॉजिटिव आयी है। मोहल्ला गढैया में 32 वर्षीय महिला, मथुरा नगर, स्टेशन रोड स्थित बैंक में एक कर्मचारी, कौशल्या नगर, पुुरानी मंडी, नगला धीर में एक-एक व्यक्ति में कोरोना संक्रमण पाया है। गणेश नगर निवासी दो प्रमुख उद्यमी और उनकी पत्नियां, शहर के पुरानी मंडी, मोहल्ला टीला, शिकोहाबाद के मियां बाजार, स्टेशन रोड, शिकोहाबाद थाने में एक पुलिसकर्मी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। सिरसागंज के करहल रोड, फरिहा के होली वाली गली और गांव चनौरा, बलीपुर, रखावली, पेंगू, नगला पान सहाय, पाढ़म, कताना में भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि कोरोना संक्रमित एक मरीज की मौत आगरा में इलाज के दौरान हुई है। परिजनों ने जांच के दौरान फिरोजाबाद, सिरसागंज का पता लिखाया था। इसके कारण कोरोना संक्रमण से मौत में इसका उल्लेख किया गया है। कोरोना से मरने वालों की संख्या 136 हो गई है।
...
जांच में बरती जा रही लापरवाही
कोरोना की जांच में लापरवाही बरती जा रही है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिन संक्रमितों की रिपोर्ट जारी की, उनके सैंपल सात से आठ दिन पूर्व लिए गए थे। जब स्वास्थ्यकर्मियों ने कंट्रोल रूम से फोन कर रिपोर्ट की जानकारी दी तो संक्रमितों मरीजों का कहना था कि अब तो होम आइसोलेशन की समयावधि भी पूरी हो चुकी है, ऐसे में रिपोर्ट की कोई आवश्यकता नहीं। गणेेश नगर निवासी एक उद्यमी का सैंपल 10 जनवरी को लिया गया, उसकी रिपोर्ट 19 जनवरी को आई है।