फिरोजाबाद। शासन के निर्देश पर कोरोना संक्रमित मरीजों के उपचार में लगे चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा मानक और बजट निर्धारित कर दिया गया है।
कोरोना वायरस से संक्रमित और संदिग्ध मरीजों के उपचार में लगे चिकित्सक और पैरा मेडिकल स्टाफ रात-दिन अपनी ड्यूटी कर रहा है। ये चिकित्साकर्मी न तो अपने घरों को जा पा रहे हैं और न ही अपने परिजनों से ही मुलाकात कर पा रहे हैं। दिन-रात की थकान भरी ड्यूटी के बाद चिकित्सा कर्मियों के सामने खाने का भी संकट खड़ा हो रहा है।
ऐसे में कोरोना से जंग लड़ रहे चिकित्सकों और कर्मचारियों को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के लिए परिवार कल्याण विभाग के महानिदेशक बद्री विशाल ने प्रदेश के सभी सीएमओ को पत्र लिखा है। अपने पत्र में उन्होंने प्रदेश के चिकित्सकों के साथ ही तमाम पैरामेडिकल कर्मियों को स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराने की बात कही है। इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को प्रत्येक दिन की दर से 500 रुपये अनुमन्य किए गए हैं।
इसके अलावा इन सभी मेडिकल कर्मियों के कपड़ों आदि की धुलाई के लिए भी अतिरिक्त धनराधि अनुमन्य की गई है। ए श्रेणी के नगरों में यह धनराधि 1500 रुपये, बी श्रेणी के नगरों में यह धनराशि 1250 रुपये और सी श्रेणी के नगरों में यह धनराधि 1000 रुपये निर्धारित की गई है।
मेडिकल स्टाफ होटल में किया क्वारंटीन
सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित ने कहा कि ड्यूटी में तैनात चिकित्सक एवं पैरामेडिकल स्टाफ को होटल में क्वारंटीन किया गया है। उनके रहने एवं खानपान की बेहतर व्यवस्था की गई है। शासन के आदेश का पूरी तरह पालन किया जाएगा।