हुसैनी मोहल्ला स्थित स्कूल से जमात से जुडे़ लोगों को जिला अस्पताल लेकर पहु़ची तीन एंबुलेंस
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। दिल्ली से लौट कर आए तब्लीगी जमात के लोगों के संपर्क में आने वालों को पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार ट्रेस कर रही है। शनिवार शाम को जमातियों के संपर्क में आने वाले 32 लोगों में से 28 लोगों को मदीना मुसाफिर खाना में क्वारंटीन किया गया है। पॉजिटिव मिले चार जमातियों का मेडिकल कॉलेज में तीन दिन से इलाज चल रहा है। अलग-अलग जमातों से जुडे़ जिन 21 लोगों के नमूने शुक्रवार को भेजे गए थे उनकी रिपोर्ट जिसकी रिपोर्ट रविवार शाम निगेटिव आई है। शनिवार रात तक 48 अन्य लोगों के नमूने जांच के लिए लखनऊ भेजे गए हैं। क्वारंटीन किए गए 27 अन्य जमातियों के नमूने लेने के लिए रविवार दोपहर को मेडिकल कॉलेज लाया गया। इनके नमूने लेने के बाद सभी को संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद भेजा गया।
तब्लीगी जमात से लौटे चार जमाती के कोरोना पॅाजिटिव पाए जाने के बाद प्रशासन ने सख्ती बरतना शुरू कर दिया था। दिल्ली की एक अन्य जमात से जुडे़ 27 जमातियों को तीन मार्च को हुसैनी मोहल्ला में क्वारंटीन कर दिया गया था। रविवार को सभी 27 जमातियों के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें कुछ लोगों में खांसी, जुकाम, सांस फूलना आदि की शिकायत भी है। सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित ने बताया कि संदेह के आधार पर जांच कराई जा रही है। रिपोर्ट आने तक इनको क्वारंटीन रखा जाएगा। इन सभी को शिकोहाबाद में क्वारंटीन किया गया है।