सुहागनगरी में सात और लोगों को कोरोना की पुष्टि
फिरोजाबाद। बृहस्पतिवार को भी कोरोना के मामले में इजाफा हुआ है। 24 घंटे में सात और मरीज संक्रमित मिले हैं। अब सक्रिय केस बढ़कर 32 हो गए हैं। बुधवार देर रात मिले कोरोना मरीजों की तलाश के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों के घर पहुंचीं और दवाई की किट दी। इसके बाद उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया।
इंदौर से एक वर्षीय बालिका अपने पिता के साथ जयपुर होते हुए आर्चिड ग्रीन आई थी। बुखार आने पर उसकी कोरोना की जांच कराई तो रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके अलावा आर्चिड ग्रीन में ही मां और बेटी कोरोना संक्रमित मिली। दोनों ही जयपुर से वापस लौटे हैं। वहीं चौबेजी का बाग में 54 वर्षीय चूड़ी व्यवसायी के शरीर में दर्द के साथ बुखार की समस्या थी। चिकित्सकों की सलाह पर उन्होंने कोरोना की जांच कराई तो कोरोना संक्रमण का पता चला। वहीं आगरा गेट, बस स्टैंड निवासी युवक भी संक्रमित मिला। गांव सिंहपुर के दो मरीज नोएडा में संक्रमित मिले हैं।
सीएमओ डॉ. दिनेश प्रेमी ने बताया कि तीन और कोरोना के मामले मिले हैं। कोविड कंट्रोल रूम से मरीजों का नियमित हालचाल पूछा जा रहा है। यदि किसी मरीज को तकलीफ महसूस हो तो वह तुरंत स्वास्थ्य विभाग से संपर्क करें।