मक्खनपुर (फिरोजाबाद)। थाना मटसेना क्षेत्र में खंभे पर चढ़कर बिजली ठीक कर रहे ठेका कर्मचारी को करंट लग गया। जिससे वह खंभे से नीचे गिर गया। साथी कर्मचारी उसे आनन-फानन में सरकारी ट्रामा सेंटर ले गए। जहां चिकित्सक ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पुलिस अस्पताल आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। जानकारी पर परिजन जिला अस्पताल आ गए। मौत की जानकारी होने पर परिजन बिलख पड़े। थाना नगला खंगर के कौरारी खेड़ा निवासी सुभाष (49) मक्खनपुर क्षेत्र के जिजौली फीडर में ठेके पर लाइनमैन के पद पर तैनात था। सोमवार को वह मटसेना क्षेत्र के नगला भाव सिंह से बिजली खराब होने की सूचना पर मौके पर गया था। जहां वह बिजली ठीक करने के लिए खंभे पर चढ़ गया। तभी केबल बदलते समय उसे अचानक करंट लग गया जिससे वह नीचे गिर गया। मौके पर मौजूद साथी कर्मचारी आनन-फानन में उसे सरकारी ट्रामा सेंटर लेकर पहुंच गए। जहां चिकित्सकों ने उसे परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया।
मामले की जानकारी पर पुलिस अस्पताल आ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह में रखवा दिया। जानकारी पर परिजन भी अस्पताल आ गए। उनका रो-रोकर बुरा हाल है। लाइनमैन के एक बेटा और दो बेटियां हैं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष तेजवीर सिंह ने बताया कि करंट से ठेका कर्मचारी की मौत हो गई। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पीएम और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उसने शटडाउन लिया था या नहीं इसकी जानकारी की जा रही है।