रसूलपुर क्षेत्र में इसी दुकान से टप्पेवाज ले गया लाखों के सोने के जेबरात। संवाद
- फोटो : रसूलपुर क्षेत्र में इसी दुकान से टप्पेवाज ले गया लाखों के सोने के जेबरात। संवाद
फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर से महज कुछ दूरी पर स्थित एक सराफा कारोबारी के बेटे को टप्पेबाज ने निशाना बना लिया। दुकानदार के 18 वर्षीय बेटे को नशीला रुमाल सुंघाकर बेहोश कर दिया और दुकान से तीन लाख रुपये से अधिक कीमत के सोने के आभूषण लेकर रफूचक्कर हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
ग्राम दौंकेली निवासी देवेंद्र सिंह थाना रसूलपुर से कुछ ही दूरी पर श्रीकृष्ण ज्वैलर्स के नाम से दुकान संचालित करते हैं। सोमवार को देवेंद्र सिंह किसी जरूरी काम से बाहर गए थे, इसलिए दुकान पर उनका 18 वर्षीय बेटा लवकुश बैठा हुआ था। लवकुश के अनुसार, दोपहर करीब सवा 12 बजे एक अज्ञात व्यक्ति ग्राहक बनकर दुकान पर आया। उसने बच्चों के गले में पहनाने वाली चांदी की हाए दिखाने को कहा। उसे चांदी की हाए दिखाई और उसकी कीमत 575 रुपये बताई। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने रुपये देने के बहाने पांच सौ का नोट निकाला और अचानक लवकुश के चेहरे के पास अपना रुमाल कर दिया। रुमाल में कोई नशीला पदार्थ होने के कारण वह चंद सेकंडों में ही अचेत हो गया। इसके बाद टप्पेबाज ने दुकान के अंदर रखे आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। वह दुकान से चार सोने की अंगूठी और चार जोड़ी सोने के झाले समेटकर भाग गया।
होश आने पर दी परिजन को सूचना
काफी देर बाद जब लवकुश को होश आया, तो दुकान से जेवर गायब देख तुरंत अपनी मां सीमा देवी को फोन पर घटना की जानकारी दी। बेटे के साथ हुई वारदात की खबर सुनते ही मां और पिता देवेंद्र सिंह बदहवास हालत में दुकान पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल मामले की सूचना इलाका पुलिस को दी। थाने के नजदीक हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि शातिर टप्पेबाज की पहचान की जा सके।