आचार संहिता : राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स, बैनर उतरवाए
फिरोजाबाद। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी करने के साथ जिला प्रशासन एवं नगर निकायों की टीम आदर्श चुनाव आचार संहिता का पालन कराने के लिए सक्रिय हो गईं। शहर के प्रमुख चौराहों पर विभिन्न राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स हटाने के लिए अभियान चलाया गया। शहर में नगर मजिस्ट्रेंट मनोज कुमार सागर तो ग्रामीण अंचल में एसडीएम के नेतृत्व में टीमों ने पोस्टर, बैनर एवं होर्डिंग्स हटवाए।
टीमों ने नगर निगम के सामने, बस स्टैंड, सुभाष तिराहा, सदर बाजार, स्टेशन रोड, कोटला रोड, रसूलपुर तिराहा, आसफाबाद चौराहा के साथ नगला भाऊ चौराहा एवं जलेसर रोड पर होर्डिंग्स बैनरों को हटाने का काम किया। इधर एसडीएम सदर मनोज कुमार ने तहसील की टीम के साथ जिला मुख्यालय के सामने लगे विभिन्न राजनीतिक दलों के होर्डिंग्स बैनरों के साथ ही पोस्टरों को हटाने का काम किया। उन्होंने कहा कि आदर्श चुनाव आचार संहिता का प्रभावी ढंग से पालन कराया जाएगा। एसडीएम जसराना नवनीत गोयल टीम के साथ प्रमुख चौराहों पर लगे होर्डिंग्स बैनरों को हटवाते दिखाई दिए। सिरसागंज मे एसडीएम विवेक मिश्रा के साथ टूंडला में एसडीएम पारसनाथ सहित अन्य अधिकारियों ने बैनर हटवाए। कस्बा मक्खनपुर, कस्बा एका, खैरगढ़, फरिहा नारखी एवं कठफोरी में भी होर्डिंग्स हटवाए।
नगर पालिका ने राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स उतरवाए
शिकोहाबाद। चुनाव आयोग द्वारा चुनावों की घोषणा करते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। शनिवार चार बजे से ही उप जिलाधिकारी शिव ध्यान पांडे के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने राजनीतिक पार्टियों के होर्डिंग्स और बैनरों उतार दिए।
कर्मचारियों को दिलाई मतदान की शपथ
एसडीएम शिवध्यान पांडे और ईएलसी के सहायक नोडल अधिकारी हिमांशु शर्मा ने तहसील के कर्मचारी एवं मौजूद नागरिकों को मतदान की शपथ दिलाई। उप जिलाधिकारी ने कहा कि सभी को जागरूक होकर मतदान करना है। देश का हर एक नागरिक जब मत देने के लिए जाता है तो उसे एक जागरूक मतदाता की तरह अपना वोट देना चाहिए।