फिरोजाबाद। जिले के 22 राजकीय हाईस्कूल व इंटरमीडिएट कक्षाओं में एआई से कक्षाएं चलेंगी। इस नई व्यवस्था की शुरूआत जुलाई माह से होगी। इससे स्कूलों में शिक्षकों की कमी अब बच्चों के भविष्य की राह में रोड़ा नहीं बनेगी। साथ ही इन स्कूलों की शिक्षा पूरी तरह से डिजिटल और हाईटेक हो जाएगी।
जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय ने बताया कि जिले के सभी 22 राजकीय विद्यालयों को अत्याधुनिक स्मार्ट क्लास से लैस कराया जा रहा है। जहां शिक्षक न होने पर भी तकनीक के सहारे कक्षाएं निर्बाध रूप से संचालित होंगी। इस नई और अनूठी व्यवस्था के तहत जुलाई से इन स्कूलों में क्लासरूम में पूरी तरह से डिजिटल और एआई टूल्स के माध्यम से पढ़ाई शुरू होने जा रही है। इसके सॉफ्टवेयर में एनसीईआरटी और सरकार की विभिन्न अधिकृत संस्थाओं का पूरा पाठ्यक्रम चैप्टर वाइज अपलोड किया जा चुका है। शिक्षक या छात्र के महज एक क्लिक करते ही पूरा पाठ स्क्रीन पर लाइव हो जाता है। सबसे बड़ी राहत उन स्कूलों को मिली है जहां गणित और विज्ञान जैसे मुख्य विषयों के शिक्षकों के पद लंबे समय से खाली पड़े हैं। ऐसे कॉलेजों में अब स्पेशल वीडियो लेक्चर्स और एनिमेटेड विजुअल्स के जरिये बच्चों के कॉन्सेप्ट क्लियर किए जा रहे हैं। इसके अलावा, छात्रों को तकनीक से जोड़े रखने के लिए एक विशेष ऐप के जरिए होमवर्क भी दिया जा रहा है, जिसे बच्चे घर बैठे मोबाइल पर ही सॉल्व कर सकते हैं। ऐसे में इस नई सुविधा के शुरू होने से छात्रों को शिक्षकों की कमी महसूस नहीं होगी।