जसराना(फिरोजाबाद)। थाना जसराना के गांव अल्लाहपुर में एक माह के अंदर कई ट्रांसफार्मर फुंकने से ग्रामीण परेशान हैं। अधिकारियों एवं नेताओं से गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। भीषण गर्मी में परेशान ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर को बदलवाने की मांग की है। अल्लाहपुर में लोड अधिक होने के कारण आए दिन ट्रांसफार्मर फुंकने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो रही है। ग्रामीणों की माने तो एक माह में नौ से अधिक ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। वहीं विद्युत विभाग केवल तीन ट्रांसफार्मर के खराब होने की बात कर रहा है। वहीं ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी में रहने को मजबूर होना पड़ रहा है।
सुमित कुमार, मुन्नेश कुमार, संजय यादव, अंशुल कुमार, बलराम सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, सतीश, स्याम सिंह, जगत सिंह, वीरबल सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि एक माह के अंदर नौ से अधिक ट्रांसफार्मर फुंक चुके हैं। गांव का लोड अधिक होने पर भी विभाग के कर्मचारी कम लोड का ट्रांसफार्मर लगा जाते हैं। गर्मी से परेशान ग्रामीणों ने शासन एवं प्रशासन से समस्या से निजात दिलाने की मांग की है। जेई दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया लोड बढ़ाने की संस्तुति उच्चाधिकारियों से की गई है। वहीं गांव से बिल का भुगतान भी नहीं हो रहा है।