प्रकाश टॉकीज रोड पर जलभराव की स्थिति
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत शासन ने स्वच्छता पर विशेष ध्यान के निर्देश दिए हैं। प्रदेश सरकार के शनिवार और रविवार के लॉकडाउन में भी तहत विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश हैं। एक जुलाई से जिले में भी अभियान की शुरुआत हो चुकी है। स्वच्छता के लिए नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग की टीमें तो दौड़ रही हैं लेकिन सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई की स्थिति जस की तस है। अमर उजाला की पड़ताल में मेडिकल कॉलेज परिसर में गंदगी नजर आई। तलैया में पानी भरा मिला। घनी आबादी वाले क्षेत्रों में प्लॉटों में और गलियों में भी जलभराव है। ऐसे में संचारी रोगों पर नियंत्रण पाना बेमानी है।
मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम हाउस के सामने तलैया बनी है। निकट ही वार्ड नंबर एक और दो हैं। तलैया में गंदा पानी एकत्रित है। बारिश में यह समस्या और बढ़ जाती है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज में ही इलाज कराने आने वाले रोगियों में संक्रामक रोगों की बढ़ने की आशंका रहती है। नेत्र रोग विभाग के सामने भी गंदगी पड़ी है। बाल रोग विभाग के बाहर की तरफ भी गंदगी का आलम दिखा। एक ओर बर्न वार्ड में सफाई की आवश्यकता होती है लेकिन यहां तो वार्ड के बाहर गंदगी का आलम है। मेडिकल कॉलेज के चारों ओर कीचड़ और जलभराव संचारी रोग नियंत्रण अभियान की पोल खोलता है।