सुभाष तिराहे के सुंदरीकरण के लिए मंथन करते अधिकारी।
डीएम ने सुबह सुभाष तिराहा का निरीक्षण कर चौराहे के सुंदरीकरण, ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने ई-रिक्शा का रूट निर्धारित करने, ऑटो स्टैंड बनाने सहित अंडरपास निर्माण पर भी अफसरों के साथ चर्चा की।
डीएम सुबह 9.30 बजे सुभाष तिराहे पर पहुंचीं। उन्होंने कहा मुख्य चौराहे पर इतने आईलैंड की आखिर क्या जरूरत है। वहां बने फाउंटेन की उपयोगिता पर भी सवाल उठाया। चौराहे के सुंदरीकरण के लिए आकर्षक डिजाइन तैयार कराने के निर्देश दिए। जैन मंदिर के सामने बने आईलैंड को देखा। एसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने पूरे चौराहे के ट्रैफिक प्लान की कागज पर डिजाइन बनाकर दिखाया।
नई दिल्ली से आए ऑर्किटेक्ट दानिश मिर्जा ने डीएम को पूरे चौराहे के सुंदरीकरण की डिजाइन के अनुसार प्लानिंग समझाई। डीएम ने कहा कि नगर निगम प्रशासन व विकास प्राधिकरण पूरे चौराहा का सुंदरीकरण कराएंगे। मौके पर एडीएम उदय सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एसबीएस यादव, प्रभारी नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, एई रमाशंकर राम आदि रहे।