टूंडला। रेलकर्मी के घर से शनिवार दोपहर चोर टट्टर का जाल हटाकर नकदी सहित लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। घटना के दौरान रेलकर्मी ड्यूटी पर था और परिजन वृद्ध मां को दवा दिलाने गए थे। मामले में रेलकर्मी ने अज्ञात में तहरीर दी है।
कच्चा टूंडला निवासी शैलेंद्र कुमार पुत्र स्व. सोबरन सिंह रेलवे में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के कार्यालय में टेक्नीशियन पद पर तैनात है। वह शनिवार सुबह ड्यूटी पर गया था। घर में उसकी वृद्ध मां पुष्पादेवी, पत्नी अर्चना भार्गव व छोटी बहन आरती थी। अचालक मां की तबियत खराब होने पर सुबह साढे़ ग्यारह बजे परिजन वृद्धा को दिखाने के चिकित्सक के पास ले गईं।
चिकित्सक को दिखाकर सास-बहू व ननद घर पहुंची तो घर में सारा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी खुली पड़ी थी। अलमारी में रखे 25 हजार रुपये, सोने की चार चूड़ी, 10 अंगूठी, एक कॉलर, एक चेन, एक मंगलसूत्र, तीन सेट कुंडल, दो सेट चांदी के पायजेब आदि गायब थे। जानकारी पर पहुंचे रेलकर्मी ने पुलिस को घटना से अवगत कराते हुए तहरीर दी।