बजरिया में जाम लगने के बाद बाइक सवारों को रोकते कोतवाल दक्षिण
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। लॉकडाउन के बीच सड़क पर मौज मस्ती करने वाले बाइक सवार युवकों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बिना सवाल-जवाब किए पुलिस बाइकों का ऑनलाइन चालान कर रही है। लॉकडाउन के बीच सुबह सात से 11 बजे तक किराने के साथ सब्जी और दूध की दुकानों को खोलने के लिए प्रशासन द्वारा अनुमति दी गई है। जिससे लोग जरूरी सामान की खरीदारी कर सकें। प्रशासन की इस अनुमति के बीच युवा मौजमस्ती करने के लिए शहर की सड़कों पर घूमते नजर आ रहे हैं। जिसको लेकर जहां बाजार में भीड़ भाड़ हो जाती है। वहीं जाम की स्थिति बन जाती है।
बुधवार सुबह किनारा बाजार बजरिया में दक्षिण कोतवाली के सामने जाम लग गया। जाम के कारण लोग परेशान हो उठे। वहीं पुलिस के वाहन भी जाम में फंस गए। जिसको लेकर पुलिस ने घंटाघर से बजरिया मार्केट में प्रवेश करने वाले दो पहिया वाहनों का प्रवेश रोकने के साथ ही चालान शुरू कर दिया। वहीं कोतवाल दक्षिण प्रमोद मलिक ने पुलिस बल के साथ बजरिया में बाइक लेकर पहुंचे युवकों को वहां से खदेड़ दिया और वाहनों के चालान कर दिए। वहीं कोतवाल दक्षिण प्रमोद कुमार मलिक ने बाइक सवारों को चेतावनी दी यदि सामान खरीदना है तो पैदल आए। बाइकों का प्रवेश बजरिया में नहीें होने दिया जाएगा।