फिरोजाबाद। चोरों ने बुधवार रात उत्तर थाना क्षेत्र में लगे एक बैंक के एटीएम को काटने का प्रयास किया। जैसे ही अलार्म बजा तो चोर आधा काम छोड़कर ही फरार हो गए। बृहस्पतिवार को मकान स्वामी की सूचना पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। चोरों ने घटना को अंजाम देने के लिए एक दिन पहले ही एटीएम पर लगे सीसीटीवी कैमरा को भी तोड़ दिया था। शहर की प्रमुख कोतवाली उत्तर क्षेत्र में कई बैंक स्थापित हैं। जिनके एटीएम भी प्रमुख स्थानों पर लगे हुए हैंं। बुधवार रात चोरों ने शहर की पॉश कॉलोनी विभव नगर निवासी अखिलेश शर्मा के मकान के बाहर लगे बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम में चोरी का प्रयास किया। चोर एटीएम की बाहरी परत को लगभग पूरी तरह काट चुके थे। जैसे ही अंदर की परत को काटने की बारी आई तभी अलार्म बज गया। जिसकी जानकारी मकान स्वामी को मिल गई। मकान स्वामी ने शोर मचाया तो चोर मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर रात को डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची थी। बृहस्पतिवार सुबह सीओ सिटी अरुण कुमार चौरसिया अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए।
उन्होंने पूरी जानकारी करने के बाद जांच पड़ताल की। भवन स्वामी अखिलेश शर्मा ने बताया कि इतना ही नहीं चोरों ने बुधवार रात एटीएम काटने से एक दिन पहले एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरा को भी तोड़ दिया था। जबकि थाना पुलिस रात में गश्त भी करती है। फिर भी चोर बड़ी ही आसानी से वारदातों को अंजाम दे देते हैं।
थाना उत्तर क्षेत्र के विभव नगर में लगे एटीएम को चोरों ने काटने का प्रयास किया था। लेकिन अलार्म बजने से वह घटना को अंजाम नहीं दे पाए थे। मामले में अभी कोई शिकायती पत्र नहीं मिला है। फिर भी मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
-अरुण कुमार चौरसिया, सीओ सिटी