जसराना। अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते राजस्व वादों की सुनवाई में हो रही देरी को शासन ने गंभीरता से लिया है। शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त आगरा और जिलाधिकारी ने एसडीएम को दिन प्रतिदिन मामलों में सुनवाई करने का निर्देश दिया है। एसडीएम ने बुधवार से रोज अदालत चलाने की बात कही है। इस दौरान बंटवारे एवं मेड़बंदी के वादों को प्रमुखता से सुना जाएगा।
जसराना के उपजिलाधिकारी एवं उपजिलाधिकारी न्यायिक के न्यायालय में बंटवारे के साथ मेड़बंदी और अन्य मामलों के वाद विचाराधीन हैं। मामलों के लंबे समय तक अटके रहने के कारण जहां गांवों में आपसी विवाद बढ़ रहे हैं। मंडलायुक्त ने जारी पत्र में बंटवारे के मामलों को 6 माह एवं मंड़बंदी के मामलों को तीन माह में निपटाने के आदेश दिया है।
अधिवक्ताओं की हड़ताल के चलते नियमित रूप से कार्य नहीं हो रहा है। शासन के निर्देश पर मंडलायुक्त ने दिन प्रतिदिन सुनवाई कर मामलों के निस्तारण का आदेश दिया है। अधिकारियों के निर्देश पर बुधवार से अदालत में दिन प्रतिदिन कार्य होगा। - राजेश कुमार शुक्ला, एसडीएम जसराना