शिकोहाबाद। पूर्व सभासद व उसके साथियों का तमंचे के साथ वायरल हुए वीडियो के बाद पुलिस हरकत में आई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना में पुलिस ने पूर्व सभासद समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया है।
थाना क्षेत्र के अंतर्गत यादव कॉलोनी में रहने वाले पूर्व सभासद एवं उनके साथियों का साथ तमंचे के साथ प्रोफेसर कॉलोनी में एक वीडियो वायरल हुआ था। जो कि 12 मार्च का बताया गया है। इस वायरल हुए वीडियो में फायरिंग की आवाज भी पूर्व विधायक के घर के समीप सुनाई दे रही है। यह मामला सुर्खियों में आने के बाद पुलिस भी हरकत में आ गई। पुलिस ने वायरल वीडियो में तमंचा लेकर घूम रहे तीनों आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में पूर्व सभासद सनी यादव, ऋषि कुमार, मोहित कुमार समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जिनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को हिरासत में लिया जाएगा।