किराए के मकान में शौच को गई बच्ची के साथ हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण क्षेत्र के मोहल्ले में तीन वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। आरोप उसी मकान में किराए पर रहने वाले 12 वर्षीय बालक पर लगा है। बच्ची की मां की तहरीर पर पुलिस ने बाल अपचारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना शनिवार दोपहर की है। किराए के मकान में रहने वाली तीन साल की मासूम बच्ची घर में शौच के लिए गई थी। इसी दौरान वहां किराए पर रह रहा 12 वर्षीय बालक पहुंच गया और उसने मासूम के साथ गलत हरकत कर दी। पीड़ित बच्ची की मां के मुताबिक, उसने खुद उस बालक को गलत हरकत करते हुए देख लिया था।
घटना के बाद पीड़िता की मां ने देर शाम थाना दक्षिण पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। थाना दक्षिण इंस्पेक्टर योगेंद्र पाल सिंह ने मां की तहरीर के आधार पर बाल अपचारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रविवार को पुलिस ने मासूम बच्ची को स्वशासी मेडिकल कॉलेज ले जाकर उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया। पुलिस अधिकारियों ने बच्ची से घटना के संबंध में जानकारी जुटाने और बयान लेने का प्रयास किया लेकिन सहमी होने के कारण बच्ची गुमसुम रही। सीओ सिटी संतोष कुमार सिंह के अनुसार बाल अपचारी के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया गया है।