शिकोहाबाद। बालाजी मंदिर दर्शन कर लौट रहे छात्र की करंट लगने से हुई मृत्यु के मामले में पीड़ित पिता ने रेस्तरां मालिक दो भाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।
थाना जसराना क्षेत्र के अंतर्गत गांव नगला छक्कू झपारा निवासी बृजेश कुमार अपने दो दोस्तों प्रशांत एवं राजीव के साथ जेएस कॉलेज में परीक्षा देने 17 जून को आया था। परीक्षा देने के बाद वह बालाजी मंदिर दर्शन के लिए गया था। पीड़ित पिता का आरोप है कि उसका पुत्र बृजेश ने अपने दोस्तों के साथ वहां पर धर्मेंद्र यादव उर्फ पप्पू तथा कृष्ण यादव उर्फ छोटे दोनों सगे भाइयों के नम्बरदार सेवा सदन एवं रेस्तरां से प्रसाद लिया था। वहीं पर उन्होंने अपनी चप्पलें उतार दी थीं। मंदिर दर्शनों के बाद जब वह रेस्तरां वापस आए, तो वहां सबमर्सिबल के खुले हुए तार जोकि नम्बरदार सेवा सदन के मालिकों ने सरकारी हैंडपंप में लगा रखे थे, उन खुले तारों को लोहे की प्लेट से ढक रखा था। जिस प्लेट पर बृजेश का पैर चला गया। इस वजह से उसे करंट लगा और उसकी कुछ समय बाद ही मृत्यु हो गई। मृतक छात्र बृजेश के पिता जगदीश सिंह ने रेस्तरां के मालिक दोनों सगे भाइयों के खिलाफ थाना शिकोहाबाद में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है।