फिरोजाबाद। नगला सदासुख निवासी मुकेश की मौत के मामले में लाइनपार थाना पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के भाई संजय द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि सुहागनगर निवासी उमाशंकर ने फोन पर आठ लाख रुपये की मांग की थी जबकि अनिल नामक युवक ने जमीन से संबंधित बात की थी। इस कारण भाई ने विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। पुलिस मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कह रही है।
लाइनपार थाना क्षेत्र के गांव नगला सदासुख निवासी मुकेश ने शुक्रवार की रात गांव के बाहर नलकूप की बाउंड्री पर विषाक्त पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। शनिवार सुबह परिजन ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया था।
पुलिस का कहना था कि मुकेश ने कर्ज के चलते विषाक्त खाकर आत्महत्या की थी। लेकिन परिजन देर रात तक पुलिस को यह जानकारी नहीं दे सके कि मुकेश ने किस कार्य के लिए किन लोगों से रुपये ब्याज पर लिया था। उधर रविवार को मुकेश के भाई संजय द्वारा लाइनपार थाना पुलिस को दी गई तहरीर में कहा गया है कि शनिवार सुबह सुहाग नगर निवासी उमाशंकर और अनिल का मुकेश पर फोन पर आया था। उमाशंकर ने फोन पर आठ लाख रुपये की बात कही थी, जबकि कुछ देर बाद अनिल का फोन आया था। अनिल ने जमीन से संबंधित बात की थी। बात पूरी होने से पहले ही फोन कट गया। उमाशंकर ने दो सोने की अंगूठी की भी बात की थी। थानाध्यक्ष लाइनपार आजादपाल सिंह का कहना है कि परिजन आठ लाख रुपये का कोई सबूत नहीं दे सके हैं। मामले की जांच की जा रही है। अनिल और उमाशंकर के खिलाफ मुकेश को आत्महत्या को प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच करने के लिए रविवार को पुलिस मुकेश के घर गई थी।