-एक्सप्रेस-वे पर हादसाग्रस्त कार को खींचता हाइड्रा। स्रोत यूपीडा
- फोटो : -एक्सप्रेस-वे पर हादसाग्रस्त कार को खींचता हाइड्रा। स्रोत यूपीडा
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस से लखनऊ जा रहे कार सवार हादसे का शिकार हो गया। चालक को झपकी आने से कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से घुस गई। इस हादसे में बच्चों समेत सात लोग घायल हुए हैं। जिन्हें संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
सोमवार को सुबह पौने पांच बजे करीब कार दिल्ली से लखनऊ जा रही थी। कार को बसंती निवासी कोरीखेड़ा फतेहपुर सीकारी, आगरा चला रहा था। कार में चालक के अलावा सीमा तोमर (35), बेटी परी (8), पति शैलेंद्र (37) निवासीगण निहाल बिहार 50 फुटा रोड थाना नांगलोई दिल्ली, योगेश कुमार निवासी ए/245, ओपनिंग गार्डन नांगलोई दिल्ली, ईशान गुर्जर (6), किट्टू तथा राखी देवी सवार थीं। कार जब थाना नसीरपुर क्षेत्र के अंतर्गत किमी संख्या 50.500 के पास पहुंची। तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। इसके चलते कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से तेजगति से घुस गई। हादसे में कार सवार चालक समेत सभी लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर यूपीडा एवं नसीरपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। जिसने सभी घायलों को उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय शिकोहाबाद में भर्ती कराया है। साथ ही दोनों वाहनों को हाइड्रा की मदद से एक्सप्रेस-वे से हटाकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया है।