फिरोजाबाद। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में बीस दिसंबर 2019 को हुए बवाल के दौरान तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक नारखी ब्रजेश कुमार सिंह से पिस्टल छीन ली गई थी। पुलिस ने हसीन उर्फ हसीना उर्फ यासीन को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई पिस्टल बरामद कर ली है। पुलिस ने उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है। वह 31 मई 2019 को पेरोल पर रिहा हुआ था।
सीएए के विरोध में शहर में हुए बवाल के आरोपियों की गिरफ्तारी शुरू हो गई है। इसी क्रम में थाना रसूलपुर के अपराध निरीक्षक प्रमोद कुमार मलिक, उप निरीक्षक वासुदेव यादव, विकल ढाका अर्जुन सिंह के साथ ही चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि लालपुर मंडी के गेट से दस कदम की दूरी पर थाना रसूलपुर के तीसफुटा गली नं. पांच निवासी हसीन उर्फ हसीना उर्फ यासीन पुत्र कल्लन खां उर्फ कल्लू मौजूद है।
इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। सीओ सिटी हरिमोहन सिंह ने बताया कि वह वर्तमान में आगरा के थाना एत्माद्दौला के मोहल्ला प्रकाश नगर योगेंद्र नाई के मकान में किराए पर रहता था। उसके कब्जे से बवाल के दौरान तत्कालीन एसएचओ नारखी ब्रजेश कुमार सिंह से छीनी गई पिस्टल, कारतूस एवं खोखा बरामद किया गया है।
उन्होंने कहा कि यासीन शार्प शूटर है। 28 फरवरी 2015 को इंदुमई निवासी जगदीश पुत्र धीरी सिंह की अपहरण करके हत्या कर दी थी। मामले में 21 दिसंबर 2018 को न्यायालय ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। लेकिन 31 मई 2019 को वह पेरोल पर रिहा हो गया था। सीओ सिटी ने बताया कि उसके खिलाफ विभिन्न थाना क्षेत्रों में 14 मुकदमे दर्ज हैं।
बवाल के दो आरोपी जेल भेजे
फिरोजाबाद। थाना दक्षिण एवं रसूलपुर पुलिस ने सीएए के विरोध में हुए बवाल के दो आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। थाना दक्षिण प्रभारी निरीक्षक श्याम सिंह ने मोहल्ला कुरैशियान निवासी यामीन को यासीन ट्रांसपोर्ट के समीप से गिरफ्तार किया है।
थाना प्रभारी रसूलपुर फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर सीएए के बवाल के आरोपी थाना रसूलपुर क्षेत्र कें प्रेमनगर डाकबंगला निवासी शादाब पुत्र शहजाद को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा है।