वोट न देने की बात कहने पर दबंगों ने मतदाताओं को पीटकर घायल कर दिया। इतना ही नहीं जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना नगला सिंघी में आरोपियों के विरुद्घ विभिन्न धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
थाना नगला सिंघी के गांव नगला बल्लू निवासी राकेश यादव पुत्र नेपाल सिंह ने दर्ज कराए अभियोग में कहा है कि प्रधान पद के लिए हुए चुनाव के दौरान उनके परिवारीजन नेपाल सिंह, रामवीर सिंह, रामअवतार, ब्रह्मदेव, रामदेव, हरदेवी, ललिता, कमलेश, रजनेश मिलकर नगला बल्लू प्राथमिक विद्यालय पर मतदान करने जा रहे थे। तभी रास्ते में रमेश चंद्र ने उन्हें रोकते हुए कहा कि तुम हमारी प्रत्याशी कैला देवी को वोट देना। अगर वोट नहीं दोगे, तो यहां से वापस लौट जाओ। इस पर मतदाताओं ने ऐसा करने से मना कर दिया। इस बात से नाराज रमेश चंद्र, अंकित, सौरभ, सर्वेश, अनुज कुमार, महेश चंद्र, लोकेंद्र, राजू ने रिवाल्वर, तमंचा, रायफल आदि लेकर परिजनों पर हमला बोल दिया। इस दौरान आरोपियों ने फायरिंग की। किसी तरह भीड़ एकत्र होने पर उक्त लोगों ने अपनी जान बचाई।