फिरोजाबाद/ टूंडला/शिकोहाबाद/ जसराना/ सिरसागंज। दिवाली के पांच दिवसीय त्योहार के पहले दिन धनतेरस पर बाजार में जमकर धनवर्षा हुई। बर्तन बाजार में देररात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ी। सराफा की दुकानों पर सोने-चांदी के आभूषण, डॉलर के साथ लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की बिक्री हुई। ऑटोमाबाइल सेक्टर भी खूब चमका। पूरे जनपद में धनतेरस पर 65 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। धनतेरस पर अच्छा कारोबार होने से व्यापारियों की बांछें खिल गईं।
धनतेरस के दिन बाजार में दुकानें दुल्हन की तरह सजी नजर आईं। लाखों का कारोबार होने की उम्मीद में व्यापारियों ने दुकानों को रंग-बिरंगी झालरों से आकर्षक सजावट की। धनतेरस के दिन सुबह से ही बाजार में खरीदारी के लिए ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। धनतेरस पर लोगों की भीड़ के चलते सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा, सदर बाजार, घंटाघर, छोटा चौराहा, नालबंद चौराहा, जलेसर रोड, कोटला रोड, सुहाग नगर में जाम के हालात रहे। वहीं टूंडला में स्टेशन रोड बाजार में भी ग्राहकों ने जमकर खरीदारी की। ग्राहकों ने लाखों रुपये के बर्तनों की खरीदारी की।
सोना महंगा, फिर भी चमक रही बरकरार
धनतेरस पर बाजार में सराफा बाजार में रौनक नजर आई। चांदी का सिक्का, डॉलर का सिक्का, लक्ष्मी, गणेश की मूर्ति खूब बिक्री हुई। श्रीसराफा कमेटी के कोषाध्यक्ष नीरज बोहरे ने बताया कि पिछले साल की अपेक्षा सोने-चांदी के दाम में अंतर रहा। डॉलर के साथ चांदी के गणेश-लक्ष्मी और चांदी के सिक्कों की डिमांड रही। आने वाले दिनों होने वाली शादियों के लिए भी लोगों ने आभूषणों की खरीदारी की। जिले के सराफा बाजार में करीब 12 करोड़ का कारोबार हुआ।
दो हजार मोटर साइकिल की दी गई डिलीवरी
धनतेरस पर बाइक शोरूमों पर नई बाइक खरीदने के लिए देर शाम तक भीड़ नजर आई। आटोमोबाइल्स एसोसिएशन के उपाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि पिछले दो बार से इस बार धनतेरस अच्छी रही। जिले में अनुमानित दो हजार से अधिक बाइक की डिलीवरी की गई। कार शोरूमों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। तकरीबन 30 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ।
15 करोड़ की हुई इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की बिक्री
धनतेरस पर इलेक्ट्रानिक्स की दुकानों पर एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, माइक्रोवेव की सर्वाधिक डिमांड रही। ग्राहकों की पहली पसंद बड़े साइज के एलईडी रहे। कंपनियों ने हर आइटम की खरीद पर वाईफाई कनेक्शन सात महीने के नेट के साथ, हार्ड डिस्क, 16 जीबी पेन ड्राइव, पावर बैंक जैसे महंगे गिफ्ट भी दिए गए। मोबाइल की दुकानों पर भी खूब भीड़ रही। शोरूम संचालक अनुदीप बग्गा ने बताया कि इलेक्ट्रोनिक आइटमों एवं गैजेट्स में अनुमानित 15 करोड़ का करोबार हुआ।
धनतेरस पर खनक उठा बर्तन बाजार
धनतेरस पर ग्राहकों ने स्टील के बर्तन खरीदने को प्राथमिकता दी। इस दौरान नॉन स्टिक, फ्राइपैन, कढ़ाई, तवा और अन्य आइटमों की जमकर खरीदारी की गई। बर्तन व्यापारी मुकेश जैन ने बताया कि इस बार स्टील और पीतल के दाम बहुत महंगे थे लेकिन लोग जरूरत के अनुसार सामान ले गए। गोदामों, कारखानों में उपहार बांटने के लिए बर्तन खरीदने के लिए लोग पहुंचे। पूरे जिले में तीन करोड़ के बर्तन और गिफ्ट आइटम धनतेरस पर बिकने का अनुमान है।
रेडिमेड कपड़ों और साड़ी की दुकानों पर रही भीड़
धनतेरस पर शास्त्री मार्केट, जलेसर रोड सहित अन्य कपड़ों के शोरूम पर ग्राहक सुबह से लेकर देररात तक डटे रहे। कपड़ा व्यवसायी मोंटी जैन ने बताया कि पिछले साल कोरोना के कारण बाजार हल्का था। इस बार दुकानदारी अच्छी हुई है। अनुमान है कि जिले में धनतेरस पर करीब पांच करोड़ से ज्यादा का रेडिमेड और लहंगा, साड़ी अन्य कपड़े बिके।