फिरोजाबाद। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्योग जगत को अपनी शिकायतें व समस्याएं निराकरण के लिए भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने चैंपियंस पोर्टल लांच किया है। उक्त पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के निस्तारण की मॉनीटरिंग केंद्रीय स्तर पर होगी। एमएसएमई मंत्रालय द्वारा सात दिन में निराकरण अनिवार्य है।
कोविड-19 के प्रकोप के बाद पटरी पर लौटे रहे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम श्रेणी के उद्यमियों व इकाई संचालकों की जरूरी विभिन्न विभागों की एनओसी, बैंक ऋण, पानी व बिजली सप्लाई से जुड़ीं तमाम समस्याओं व शिकायतों का निराकरण समयानुसार नहीं हो पाता है। केंद्र सरकार उक्त शिकायतों का केंद्रीय स्तर पर सुनवाई एवं निस्तारण को विभागीय कार्रवाई की खुद समीक्षा करेगी। इसके लिए चैंपियंस पोर्टल लांच किया गया है।
एमएसएमई सचिव एके शर्मा के मुताबिक उक्त पोर्टल पर दर्ज शिकायत का सात दिन के भीतर निराकरण सुनिश्चित कराने की जिम्मेदारी संबंधित विभागाध्यक्ष की होगी। उपायुक्त उद्योग अमरेश पांडे ने बताया कि उद्यमी व एमएसएमई श्रेणी के उद्यमी अपनी शिकायत अथवा समस्या निराकरण को चैंपियंस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।