बहुजन समाजवादी पार्टी सेक्टर 30 से 34 तक के कार्यकर्ताओं का बूथ स्तरीय सम्मेलन बुधवार को फरिहा में आयोजित किया गया। भारी संख्या में कार्यकर्ता ट्रैक्टर-ट्रालियों से पहुंचे। बसपा नेताओं ने सपा सरकार पर जमकर हमला बोला। कार्यकर्ताओं ने भी विधानसभा चुनाव-2017 में बसपा सरकार बनाने का संकल्प लिया।
सम्मेलन के मुख्य अतिथि के रूप में जोन कोआर्डिनेटर और विधान परिषद सदस्य सुनील कुमार चित्तौड़ ने कहा कि जनता सपा शासन से बुरी तरह से त्रस्त हो चुकी है। 2017 के चुनाव में बसपा ही जनता की पहली पसंद होगी। बसपा शासन में कोई मंत्री या विधायक गलत कार्य करता है तो उसे जेल की सलाखों के पीछे पहुंचा दिया जाता है। आगरा जोन कोआर्डिनेटर हेमंत प्रताप ने कहा कि चुनाव बूथ पर लड़ा जाता है। बूथ का कार्यकर्ता ही पार्टी की रीढ की हड्डी होता है। शिवराज सिंह ने कहा कि मुलायम सिंह ने सैफई, इटावा के नौजवानों के लिए नौकरी के रास्ते खोल रखे है। फीरोजाबाद में युवाओं की कमीं है क्या। सपा अपने परिवार की पार्टी बनकर ही रह गई है। सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि शैलेंद्र सिंह शैली, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष विजयपाल सिंह, जिला पंचायत सदस्य सुनील चौहान, सचिन जैन, जिलाध्यक्ष चौधरी सालिग सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन स्योराज जीवन ने किया।