शिकोहाबाद। नेताजी एक्सप्रेस के जनरल कोच में यात्रा कर रहे बीएसएफ के जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जिसको संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद भेजा है।
गुलाबनवी डार (55) निवासी वेलवास मेवरर थाना खाद जिला बड़गांव जम्मू-कश्मीर, 143 बटालियन बीएसएफ जम्मू में तैनात थे। वह 13052 नेताजी एक्सप्रेस के जनरल कोच में हावड़ा से यात्रा कर रहे थे। उनको जम्मूतवी जाना था। ट्रेन जब फिरोजाबाद रेलवे स्टेशन से होकर गुजरी। तभी अचानक जवान की तबीयत खराब हो गई। सूचना मिलने पर ट्रेन के शिकोहाबाद आने पर रेलवे पुलिस ने जवान को ट्रेन से नीचे उतार लिया। उसको उपचार के लिए संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। यहां चिकित्सक ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद बीएसएफ के जवान को मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर आनंद कुमार ने बताया कि मृतक जवान पहले से ही बीमार चल रहे थे। वह हावड़ा से यात्रा कर रहा था। ट्रेन के शिकोहाबाद पहुंचने पर उसकी हालत गंभीर होने की जानकारी मिली। चिकित्सकीय जांच के दौरान जवान मृत अवस्था में मिला। घटना की जानकारी मृतक के परिजन को दी है।