नारखी के गांव बरतरा में ट्रांसफार्मर रखने की जगह को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने फायरिंग कर दी। इसमें तीन लोग घायल हो गए। एक युवक की उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। सूचना पर कई थाना का फोर्स गांव पहुंच गया। छह लोगों को हिरासत में लिया है।
गुरुवार को गांव बरतरा में राजपाल बघेल एवं सुनील कुमार श्रोत्रिय के परिवार के बीच ट्रांसफार्मर रखने वाली जगह को लेकर विवाद हुआ था। सुबह करीब सात बजे सुनील अपने घर के बाहर खड़े थे तभी राजपाल बघेल पक्ष ने छत से फायरिंग कर दी। सुनील कुमार (42) पुत्र मुरारीलाल, कृष्ण गोपाल पुत्र राम स्वरूप व शिवशंकर उर्फ भोला पुत्र माधव प्रसाद गोली लगने से घायल हो गए। इससे परिवारीजनों में चीखपुकार मच गई। तुरंत ही तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें आगर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही सुनील की मौत हो गई। जबकि कृष्ण गोपाल व शिवशंकर उर्फ भोला का आगरा में उपचार चल रहा है। घटना के बाद एसपी सिटी उदयशंकर सिंह, सीओ टूंडला प्रेम प्रकाश व नारखी, पचोखरा, फरिहा सहित कई थानों का फोर्स गांव में पहुंच गया। पुलिस ने आरोपियों के घर दबिश दी। एक आरोपी के घर से पुलिस ने लाइसेंसी राइफल बरामद की है। वहीं छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मृतक सुनील के बाबा जगदीश पचौरी ने राजपाल बघेल, राजवीर बघेल, नीरेश, विशेष, रामगिरि, पोहप सिंह बघेल, चक्रेश पचौरी व प्रधान सत्यप्रकाश जाटव और हरिकेश जाटव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।