नसीरपुर। किसान के साथ 89 हजार रुपये लूटने की साजिश जीजा-साले ने मिलकर रची थी। मैक्स पिकअप के चालक ने साले को रुपये लेकर आने की जानकारी दी थी। नसीरपुर पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। उससे लूट की रकम भी बरामद की गई है।
हरिओम निवासी रूपवास थाना मटसैना 9 फरवरी को जसवंतनगर (इटावा) गल्ला बेचने गया था। उसने गांव के ही अखिलेश (30) की मैक्स पिकअप को इटावा जाने के लिए किराये पर लिया था। अखिलेश, पीड़ित किसान के साथ इटावा गया था। मंगलवार शाम लौटते समय करीब 7.30 बजे वह नसीरपुर कट से आगे पहुंचा। तभी करनपुर पुलिया के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने किसान को मारपीट कर 89 हजार रुपये एवं मोबाइल लूट लिया था।
बदमाशों की धरपकड़ के लिए दो टीमों का गठन किया था। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की। जिसके बाद शक के आधार पर गाड़ी चालक को पकड़ा। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी के पास से लूटे हुए रुपयों में से 70 हजार सहित अन्य सामान बरामद किया है। इंस्पेक्टर नसीरपुर ज्ञानेंद्र सोलंकी ने बताया कि आरोपी चालक को जेल भेज दिया गया है। उसके साले एवं एक अन्य बदमाश की तलाश की जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज की जांच से हुआ खुलासा
शिकोहाबाद। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद पुलिस की शक की सुई चालक पर आकर ठहर गई थी। चालक अखिलेश ने पुलिस को बताया कि उसका साला मुलायम सिंह निवासी गांव नगला आशा थाना लाइनपार जुआ खेलता था। वह रुपये हार गया था। उसी ने अपने साले के साथ मिलकर किसान को लूटने का षड्यंत्र रचा था।