सिरसागंज। बीमार पिता के इलाज के लिए लोन ली गई धनराशि को निकाले के दौरान ठगों ने डेबिट कार्ड बदलकर 45 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित परिवार ने सिरसागंज थाने में तहरीर दी है।
वारदात बृहस्पतिवार शाम करीब 5 बजे की है। मिया बाजार निवासी निजाम अली की तबीयत खराब होने पर पत्नी सबीना ने इलाज के लिए बैंक से लोन लिया था। सबीना ने बेटे अमन को पैसे निकालने के लिए सोथरा रोड स्थित एटीएम पर भेजा। अमन के अनुसार जैसे ही एटीएम केबिन में पहुंचा, वहां मौजूद युवक ने उसे बातों में फंसा लिया। चालाकी से डेबिट कार्ड बदलकर कहा कि पैसे नहीं हैं। ठगी का अहसास तब हुआ जब कुछ देर बाद मां के फोन पर पैसे कटने के मैसेज आने लगे। खाते से कुल 45 हजार रुपये पार कर दिए। अमन ने बताया कि घटना की तहरीर थाना सिरसागंज में दे दी है। इंस्पेक्टर वैभव सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।