सुभाष तिराहे पर विकास कार्य कराए जाएंगे
सुहागनगरी के प्रमुख सुभाष तिराहे की जल्द सूरत बदली नजर आएगी। सुभाष तिराहे पर बने दोनों आईलैंड को तोड़कर उसका घेरा कम किया जाएगा। कोटला चुंगी पर सर्किल बनाने के साथ नालबंद व रसूलपुर पर बने सेंट्रल बर्ज तोड़कर सड़क को चौड़ा किया जाएगा, जिससे यातायात सुगम हो सके।
शहर के प्रमुख सुभाष तिराहा, रसूलपुर, जाटवपुरी, नगला बरी, कोटला चुंगी, जलेसर रोड सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले चौराहे हैं। यहां अक्सर जाम की गंभीर समस्या रहती है। चौराहों पर अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण पैदल राहगीर व वाहन चालक हादसों का शिकार होते हैं। शहर के प्रमुख चौराहों पर यातायात को सुगम बनाने के लिए जिला व पुलिस प्रशासन गंभीर है। नगर आयुक्त रामऔतार रमन, एसपी सिटी संजीव वाजपेयी के साथ एनएचआई अफसरों ने सुभाष तिराहे का निरीक्षण कर यातायात सुधार पर मंथन किया। इसके बाद सुभाष तिराहे पर बने आईलैंड को तोड़ने का कार्य शुरू हो गया। सुभाष तिराहे पर बने दोनों आईलैंड तोड़कर घेरा कम किया जाएगा। इसके अलावा कोटला चुंगी पर सर्किल बनाने का प्रस्ताव है। सुभाष तिराहे से गांधीपार्क तक सेंट्रल बर्ज तोड़कर नए डिजाइन में बनवाया जाएगा। रसूलपुर व नालबंद चौराहे पर बने सेंट्रल बर्ज तोड़ सड़क को चौड़ा करने का प्रस्ताव है।
सुभाष तिराहे से होगी सुहागनगरी की पहचान
जिला प्रशासन की मंशा सुभाष तिराहे का पूरी तरह कायाकल्प करने की है। सुभाष तिराहा शहर में आने का मुख्य प्रवेश द्वार है। लोगों को कांचनगरी में आने का एहसास हो, इसके लिए सुभाष तिराहे का सुंदरीकरण कराया जाएगा। यहां वेलकम टू सुहागनगरी के बोर्ड के साथ सुहागनगरी की पहचान कांच की चूड़ी व ग्लास का आकर्षक लाइट से जगमगाता बोर्ड भी लगवाया जाएगा।
सुभाष तिराहे का पूरी तरह कायाकल्प कराया जाएगा। दोनों आईलैंड तोड़कर पतला किया जाएगा। सुभाष तिराहे के सुंदरीकरण के लिए आगरा के आर्किटेक्ट से डिजाइन बनवाई जा रही है। डिजाइन मिलने के साथ सुंदरीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा।
जितेंद्र केन, चीफ इंजीनियर