जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत चुनाव की मतगणना आज सुबह आठ बजे से सभी नौ केंद्रों पर प्रारंभ होगी। मतपेटिकाओं में बंद जिले के 4533 प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलेगा। किसी के घर में दीवाली की खुशियां दोगुनी होंगी वहीं कइयों को मायूसी हाथ लगेगी। प्रशासन ने तैयारियों को देर शाम अंतिम रूप दिया। मतगणना की हर टेबल पर कैमरों को तैनात किया है ताकि गणना कार्मिकों के साथ एजेंटों की हर गतिविधि कैद हो सके।
जिला पंचायत व क्षेत्र पंचायत चुनाव चार चरणों में संपन्न होने के बाद आज मतगणना सभी नौ केंद्रों की अलग-अलग प्रारंभ होगी। डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विजय किरन आनंद ने सभी मतगणना केंद्रों पर वाहनों को रोकने के लिए बैरियर लगाए हैं। वीडियो कैमरा गड़बड़ियों की निगरानी करेंगे। एडीएम कर्मेंद्र सिंह ने बताया कि मतगणना के लिए प्रत्येक न्याय पंचायत पर दो गणना टेबलों को लगाया गया है।
एक पर क्षेत्र पंचायत तथा दूसरे पर जिला पंचायत के मतों की गणना होगी। नारखी ब्लाक में नारखी मोहम्मदी, पचवान, फीरोजाबाद ब्लाक में चंद्रवार, वाजिदपुर कुतुकपुर, अलीनगर कैंजरा एवं दौंकेली न्याय पंचायत, टूंडला में शेखूपुर राजमल, देवखेड़ा, कोटकी, मदनपुर ब्लाक में सिरसाखास, भदान, उरावर, शिकोहाबाद में मक्खनपुर व लभौआ, नौशहरा, एका ब्लाक में हथौली जयसिंहपुर, एका, उड़ेसर, पाढ़म एवं जसराना की कुशियारी न्याय पंचायत में एक-एक गणना टेबल अलग से लगाने की भी व्यवस्था की है।
सभी नौ ब्लाकों में 202 गणना टेबलों पर सुबह आठ बजे एक साथ गणना का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। गणना के दौरान प्रत्येक टेबल पर वीडियो कैमरा रहेगा। गणना के बाद बीडीसी सदस्य पद के प्रत्याशियों के परिणाम की घोषणा आरओ सीट से होगी। जबकि जिला पंचायत के प्रत्याशियों की गणना सीट तैयार होकर सीधे मुख्यालय पहुंचेगी और घोषणा मुख्यालय से होगी।
857 के घर दीपावली से पहले छूटेंगे पटाखे
मतगणना के परिणामों के साथ खुशियां सिर्फ 857 के घरों तक ही पहुंचेंगी जबकि 3658 प्रत्याशियों को मायूसी हाथ लगेगी। जिला पंचायत के 33 वार्डों के 524 प्रत्याशियों में से सिर्फ 33 विजयी प्रत्याशियों के घर दीपावली से पूर्व पटाखे चलेंगे।
बिना परिचयपत्र के नहीं मिलेगा प्रवेश
मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशी एवं गणना एजेंटों को बिना परिचयपत्र के प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए गणना कराने के लिए सभी अपने पहचानपत्रों को साथ लेकर आएं।
डीएम ने ब्लाक बार मतगणना प्रभारी नियुक्त
डीएम विजय किरन आनंद ने शांतिपूर्ण ढंग से मतगणना कराने के लिए ब्लाक बार अफसरों को तैनात किया है। सीडीओ सुजीत कुमार, एएसपी ग्रामीण संजय यादव को हाथवंत, एडीएम कर्मेंद्र सिंह, एसपी सिटी उदय शंकर सिंह को नारखी के आरआरएम इंटर कालेज बछगांव, एसडीएम सदर डा.पंकज वर्मा एवं सीओ लाइन को सीएल जैन कालेज, एसडीएम टूंडला एसपी सिंह, सीओ एसएस भारद्वाज को वीरी सिंह इंटर कालेज, एसडीएम शिकोहाबाद चंद्रभानु सिंह को पाली इंटर कालेज, एसडीएम सिरसागंज राजेश यादव को अरांव तथा एसडीएम जसराना अमित सिंह को एलआर इंटर कालेज जसराना व नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह को मदनपुर ब्लाक व नगर आयुक्त रामौतार रमन को एका ब्लाक की मतगणना का प्रभारी बनाया है।
ब्लाक पद प्रत्याशी
अरांव 73 284
जसराना 63 399
हाथवंत 78 332
फीरोजाबाद 115 527
मदनपुर 94 359
शिकोहाबाद 98 410
एका 106 502
टूंडला 115 633
नारखी 100 563
-----------------------
कुल 842 4009
-----------------------
मतगणना केंद्र में यह रहेगा प्रतिबंधित
मतगणना केंद्र के अंदर पान, बीड़ी, सिगरेट, माचिस, मसाला के साथ लाइटर आदि नहीं ले जा सकेंगे। कर्मचारियों एवं प्रत्याशी व गणना एजेंटों के लिए भी मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। यदि कोई ले जाएगा तो उसे स्विच ऑफ करा दिया जाएगा।
मतगणना से जुड़े खास बिंदु....
- मतगणना के दौरान हर टेबल पर वीडियो कैमरा रहेगा।
- 200 मीटर की परिधि में सिर्फ ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों, कर्मचारियों के वाहनों को प्रवेश ही दिया जाएगा।
- ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से ही परिणाम की घोषणा की जाएगी।
- मतपेटिकाओं की सील को गणना एजेंटों को दिखाया जाएगा।
- स्ट्रांगरूम को खोलने के दौरान वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
इस कारण निरस्त माना जाएगा मतपत्र
- मतपत्र पर यदि कोई निशान नहीं लगा है।
- मोहर के अलावा कोई अन्य निशान लगा है।
- मोहर खाली स्थान पर या फिर मतपत्र के पीछे लगाई गई हो।
- मतपत्र पर दो या फिर दो से अधिक प्रत्याशियों के आगे मोहर लगी हो।
- मतपत्र पर यदि कुछ ऐसा लिखा हो जिससे मतदाता की पहचान हो सके।
- मतपत्र इतना कटा-फटा हो कि उसकी पहचान नहीं हो सके।
- मतपत्र प्रमाणित नहीं हो या फिर नकली होने पर।
- निशान चुनाव चिन्ह को विभाजित करने वाले रेखाओं के मध्य में अंकित हो।
गणना कार्मिकों को विकास भवन से मिलेंगी बसें
फीरोजाबाद(ब्यूरो)। मतगणना कार्मिकों को ब्लाक मुख्यालय तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने दो दर्जन बसों की व्यवस्था की है। टूंडला और फीरोजाबाद ब्लाक के छोड़कर शेष सभी ब्लाकों के लिए दो-दो बसें विकास भवन पर मुहैया रहेंगी। सुबह पांच से साढ़े पांच बजे के मध्य और शाम को पांच बजे बसें मुख्यालय से रवाना होंगी।
सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा ने बताया कार्मिकों को ब्लाक तक पहुंचाने को 25 बसें एक नवंबर को सुबह 5.30 मुहैया रहेंगी। एका व सिरसागंज के लिए चार-चार, नारखी जसराना, हाथवंत एवं शिकोहाबाद के लिए दो-दो बसें तैनात की है। सुबह ये पांच से साढ़े पांच बजे के मध्य तथा शाम को पांच बजे रवाना होंगी। शाम को जो कार्मिकों को विकास भवन से ब्लाकों को ले जाएंगी वहीं प्रथम पाली के कार्मिकों को वापस छोड़ने आएंगी।
ब्लाकवार अफसर किए तैनात
फीरोजाबाद में धमेंद्र कुलश्रेष्ठ, टूंडला में इंद्रपाल सिंह यादव, नारखी में मोहम्मद रिजबान, हाथवंत में बलिराम, शिकोहाबाद में बीएसए बालमुकुंद प्रसाद, एका में डीआईओएस रवींद्र सिंह, जसराना में तरुण कुमार एबीएसए, अरांव में दिग्विजय सिंह एपीओ एवं मदनपुर में विनोद कुमार पांडेय को तैनात किया है। सहायक कार्मिक प्रभारी श्रीकिशन शर्मा सभी मतगणना केंद्रों पर भ्रमणशील रहेंगे।
लालबत्ती और ब्लाक प्रमुख का ख्वाब देखने वाले सक्रिय
फीरोजाबाद। परिणाम से पहले ही जीतने वाले उम्मीदवारों की घेराबंदी का काम भी शुरू हो गया। ब्लाक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष पद का ख्वाब देखने वालों ने तैयारी शुरू कर दी। बीडीसी सदस्यों की घेराबंदी का काम सभी नौ ब्लाकों में अलग-अलग ढंग से किया जा रहा है। कई तो संभावित बीडीसी से पहले ही संपर्क साध चुके हैं।
निर्विरोध चुने गए प्रत्याशियों के यहां भी गणेश परिक्रमा की जा रही है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद की सीट को लेकर भी दावेदार हर स्तर पर पहल कर रहे हैं। पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुई इस सीट के लिए सत्ताधारी दल में काफी मारामारी जैसे ही हालात हैं। सैफई हाउस के करीबी एवं रिश्तेदारों की लिस्ठ काफी लंबी है।