सिरसागंज। थाना क्षेत्र के मदनपुर प्याऊ के पास ट्रक से टकराकर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन टूटकर पीछे से आ रही एक नई पल्सर बाइक पर गिर गई। इससे बाइक में आग लग गई। बाइक सवार मां-बेटा घायल हो गए, जिन्हें राहगीरों की मदद से बचाकर सिरसागंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
थाना नगला खंगर क्षेत्र के ग्राम दौलतपुर करखा निवासी सचिन अपनी मां पुष्पा देवी के साथ पल्सर बाइक पर सवार होकर घिरोर स्थित अपनी नानी के घर जा रहे थे। सचिन ने बताया कि करीब डेढ़ महीने पहले ही उन्होंने यह नई बाइक खरीदी थी। जैसे ही वे मदनपुर प्याऊ के पास पहुंचे, तभी आगे चल रहे एक ट्रक से ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन छू गई और तार टूटकर सीधे उनकी बाइक पर आ गिरा। करंट का जोरदार झटका लगते ही सचिन उछलकर सड़क पर दूर जा गिरा, जबकि उसकी वृद्ध मां पुष्पा देवी बाइक के नीचे ही दब गईं। सचिन ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत मां को खींचकर बाइक से दूर किया। इसके तुरंत बाद ही बाइक से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिरसागंज के अधीक्षक डॉ. कपिल यादव ने बताया कि दोनों मां-बेटे फिलहाल खतरे से बाहर हैं।