फिरोजाबाद। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा छह जुलाई को जिले के 15 केंद्रों पर होगी। प्रवेश परीक्षा में सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट के साथ ही सेक्टर मजिस्ट्रेट और जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। परीक्षा का आयोजन महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय बरेली की ओर से कराया जा रहा है। दोनों पालियों में 13842 हजार परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा नोडल प्रभाष्कर राय ने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए हर केंद्र पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए जाएंगे। साथ ही प्रत्येक दो केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती होगी। तहसील स्तर पर जोनल मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उन्होंने बताया कि पर्यवेक्षकों की सूची विश्वविद्यालय को भेज दी गई है। प्रत्येक केंद्र पर दो-दो पर्यवेक्षक तैनात होंगे। परीक्षा में इस बार भी निगेटिव मार्किंग होगी।
400 अंकों के वस्तुनिष्ठ प्रश्नों के दो प्रश्नपत्र होंगे। दोनों प्रश्नपत्रों में 200 प्रश्न पूछे जाएंगे, हर प्रश्न दो अंक का होगा। रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने यह जानकारी अपनी वेबसाइट पर साझा की है। पहले प्रश्नपत्र में सामान्य ज्ञान भाषा से संबंधित 50-50 प्रश्न होंगे। दूसरे प्रश्नपत्र में सामान्य अभिरुचि परीक्षण और विषय योग्यता के 50-50 प्रश्न पूछे जाएंगे। एक प्रश्न गलत होने पर एक तिहाई अंक काटे जाएंगे।
इस तरह होगी दो पालियों में परीक्षा
पहली पाली में सुबह नौ बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षा का आयोजन होगा। दूसरी पाली में दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा होगी।