फिरोजाबाद। थाना उत्तर के रामकृष्ण नगर में दिवाली की रात (20 अक्तूबर) पटाखे चलाने से रोकने पर हुए विवाद में अब न्यायालय के आदेश पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
पीड़ित पुष्पेंद्र नागाइच का आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले कार्तिक, पिंकू, यश और न्यू रामगढ़ निवासी भूपेंद्र ने घर में घुसकर उनके परिवार पर हमला किया था। इस मारपीट में उनके पिता रामेश्वर सिंह, भतीजे उज्जवल, बेटे आर्यन और पत्नी रीतू को घायल कर दिया गया था।
पुष्पेंद्र के अनुसार, विरोध करने पर आरोपियों ने उनके भतीजे का मोबाइल भी छीन लिया था। पीड़ित का आरोप है कि घटना के समय पुलिस ने शिकायत सुनने के बजाय उल्टा उनके खिलाफ ही शांतिभंग की कार्रवाई कर दी थी। थक-हारकर उन्होंने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अब पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।