गालीगलौज से मना करने पर पीटा, 8 लोगों पर केस
संवाद न्यूज एजेंसी
जसराना। गालीगलौज करने से मना करना थाना जसराना के गांव पृथ्वी के चार लोगों को भारी पड़ गया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से पिटाई लगा दी। पुलिस ने डाक्टरी परीक्षण कराने के साथ आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
थाना जसराना के गांव नगला पृथ्वी मौजा सलेमपुर खुटियाना निवासी अशोक कुमार अपने घर के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान गांव का ही पवन आकर गाली गलौज करने लगा। अशोक अपने चचेरे भाई महिपाल और ओसपाल को साथ लेकर पवन के घर शिकायत करने गया। आरोप है कि इस दौरान पवन कुमार, विपिन, बलवीर सिंह, पदमवीर, पुष्पेंद्र, सौरव, मोनू, दलवीर सिंह निवासीगण पृथ्वी मौजा सलेमपुर खुटियाना थाना जसराना ने तीनों को घर में पकड़कर पिटाई करना शुरु कर दिया। इस दौरान बचाने आए सत्यपाल को भी पीट दिया। अन्य ग्रामीणों के आने पर आरोपियों ने चारों को छोड़ दिया। पीड़ितों ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई करने के लिए गुहार लगाते हुए तहरीर दी। पुलिस न तहरीर लेकर पीड़ितों का डाक्टरी परीक्षण कराया है। थाना प्रभारी सचिन कुमार ने कहा मारपीट की घटना में मामला दर्ज किया गया है।