जसराना। जसराना के गांव नगला अमर सिंह में बंबा का पानी के खेत में आने पर नगला अमर सिंह के पास के सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न हो गई है। पानी के मकानों तक पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। सोमवार को खेतों पर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन से पानी निकलवाने की मांग की है।
भारतीय किसान यूनियन किसान के युवा जिलाध्यक्ष ब्रजमोहन यादव के साथ खेतों पर प्रदर्शन करते हुए किसानों ने बताया कि भैंडी माइनर से पानी खेतों तक पहुंच गया है। आगे पानी के निकलने के कोई साधन न होने के कारण बंबा का पानी खेतों में भर गया है।
पानी के भरने से आलू, सरसों एवं गेहूं की सौ बीघा से अधिक खेती पानी में डूब गई। वहीं पानी गांव के बाहर बने मकानों तक भी पहुंच गया। खेतों में पानी भरने एवं मकानों तक पानी पहुंचने के कारण ग्रामीणों एवं किसानों को चिंता सताने लगी है। किसानों ने प्रशासन से कार्रवाई करने की मांग की है।
प्रदर्शन करने वालों में रामनरेश, अवनीश कुमार, राधे, रजनीश, बंगाली, पूरण सिंह, राजवीर सिंह, बंटू, रामौतार सिंह, राधेश्याम, मनोज, श्रीकृष्ण, देवेंद्र, कल्लू, नारायण, हिमांशू, सुमित, मानसिंह, गुरुदयाल, उदयवीर सिंह, मानिकचंद, होतीलाल, अशोक कुमार आदि लोग मौजूद रहे।