फिरोजाबाद की फ्यूचर क्रिकेट एकेडमी में खेले जा रहे फाइनल मुकाबले में बल्लेबाजी करते समय एक गेंद खिलाड़ी की छाती में लग गई। जिसके चलते वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अकादमी संचालक उसे एफएच मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गुस्साए परिजन ने अस्पताल में जमकर हंगामा कर दिया और तोड़फोड़ की। थाना नारखी क्षेत्र के गांव गढ़ी रंछोर निवासी सुरेंद्र सिंह का 12 वर्षीय पुत्र अंश टूंडली रोड स्थित फ्यूचर अकादमी में क्रिकेट सीखता था।
सोमवार देर शाम फाइनल मुकाबला खेला जा रहा था। जिसमें अंश बल्लेबाजी कर रहा था। बताया जाता है कि अंश ने धुआंधार पारी खेली और तभी गेंद उसकी छाती में आकर लगी। जिससे वह जमीन पर गिर गया।
आनन-फानन अकादमी संचालक उसे एफएच मेडिकल कॉलेज ले गए। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होते ही परिजन मौके पर आ गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामा की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है।