लाखों श्रद्धालुओं के आराध्य बाबा नीम करौली की जन्मस्थली अकबरपुर में आने वाले समय में भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। पर्यटन विभाग की 2.70 करोड़ रुपये की कार्ययोजना को राज्य सरकार ने मंजूरी दे दी है। इस फंड से यहां आवागमन, प्रकाश और अन्य बुनियादी ढांचे में सुधार के कार्य किए जाएंगे।
बाबा नीम करौली की जन्मस्थली अकबरपुर में आने-जाने का रास्ता काफी संकरा है। धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान अनुयायियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अवस्थापना से जुड़े कुछ कार्य पूर्ण कराने को क्षेत्रीय ग्राम सभा द्वारा पर्यटन विभाग को प्रस्ताव दिए थे। प्रस्तावों के आधार पर पर्यटन विभाग द्वारा करीब 2.7 करोड़ की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह की पहल पर शासन ने कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। स्टेट टेक्निकल कमेटी द्वारा भी सर्वे के उपरांत पर्यटन विभाग की कार्य योजना पर सहमति व्यक्त की है। आवश्यक धनराशि अवमुक्त होते ही कार्ययोजना को अमली जामा पहनाया जाएगा।